uttarakhand-milawat-jamakhori-checking-campaign-cm-dhamiuttarakhand-milawat-jamakhori-checking-campaign-cm-dhami

देहरादून, 24 अगस्त। त्योहारों के मौसम में खाद्य पदार्थों में मिलावट, जमाखोरी और एक्सपायरी सामान की बिक्री रोकने के लिए उत्तराखंड सरकार ने सख्त रुख अपना लिया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर प्रदेशभर में विशेष जांच अभियान तेज कर दिया गया है। सभी जिलाधिकारियों को एक सप्ताह तक अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं, जबकि अभियान की निगरानी की जिम्मेदारी मंडलायुक्तों को सौंपी गई है।

मिलावट और जमाखोरी पर प्रशासन की पैनी नजर

सरकार के निर्देश पर सोमवार को प्रदेश के सभी जिलों में जिला प्रशासन, खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन समेत संबंधित विभागों की टीमों ने व्यापारिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए और कई दुकानदारों को व्यवस्थाओं में सुधार के लिए नोटिस एवं चेतावनी जारी की गई।

जांच के दौरान जहां सड़ी-गली और एक्सपायरी डेट की खाद्य सामग्री मिली, उसे मौके पर ही नष्ट कराया गया। प्रशासन की टीमें खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता के साथ-साथ चीनी की जमाखोरी और घरेलू गैस सिलेंडरों के व्यावसायिक इस्तेमाल की भी जांच कर रही हैं।

चमोली में तीन सैंपल लिए, दो दुकानदारों को नोटिस

चमोली जिले में जांच टीम ने तीन खाद्य पदार्थों के सैंपल लेकर परीक्षण के लिए लैब भेजे। एक्सपायरी डेट की खाद्य सामग्री मिलने पर दो दुकानदारों को नोटिस जारी किया गया और संबंधित सामान नष्ट कराया गया।

जांच में दो कंपनियों की सामग्री का लेबल पैकेजिंग एवं लेबलिंग रेगुलेशन के मानकों के अनुरूप नहीं पाया गया। संबंधित निर्माताओं को नोटिस जारी करने की कार्रवाई की जा रही है।

रुद्रप्रयाग में 12 दुकानों की जांच

रुद्रप्रयाग जिले में टीम ने 12 दुकानों का निरीक्षण किया और छह खाद्य नमूने लिए। छह दुकानों में एक्सपायरी डेट का सामान मिलने पर दुकानदारों को चेतावनी दी गई और सामग्री नष्ट कराई गई।

वहीं, अल्मोड़ा में दो मिठाइयों के सैंपल, बागेश्वर में आठ प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर तीन सैंपल और पिथौरागढ़ में दो सैंपल लिए गए।

चंपावत में एक अगस्त से अभियान जारी

चंपावत जिले में मिलावट के खिलाफ जांच अभियान एक अगस्त से चल रहा है। अब तक 21 स्थानों का निरीक्षण किया जा चुका है। इनमें 10 स्थानों से सैंपल लेकर जांच के लिए लैब भेजे गए हैं। इसके अलावा सर्वे के लिए तीन सैंपल भी लिए गए हैं।

देहरादून में 70 प्रतिष्ठानों की जांच

राजधानी देहरादून में भी सोमवार को जिला प्रशासन ने व्यापक जांच अभियान चलाया। इस दौरान 11 खाद्य नमूने एकत्र किए गए और तीन प्रतिष्ठानों को व्यवस्था में सुधार के लिए चेतावनी दी गई।

देहरादून में एक अगस्त से अब तक 70 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया जा चुका है। इस दौरान 48 सैंपल जांच के लिए लिए गए, जबकि सर्वे के लिए 20 अतिरिक्त सैंपल एकत्र किए गए हैं। 11 दुकानदारों को सुधार के लिए नोटिस जारी किए गए हैं। इसके अलावा एडीएम कोर्ट में चार वाद दर्ज कराए गए हैं।

हरिद्वार में 47 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण

हरिद्वार जिले में जांच अभियान 17 अगस्त से चल रहा है। अब तक 47 व्यापारिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर 27 खाद्य सैंपल लिए गए हैं। 10 दुकानदारों को नोटिस जारी किए गए हैं। इसके अलावा विभिन्न न्यायालयों में चार मामले दर्ज कराए गए हैं।

पौड़ी और नैनीताल में भी कार्रवाई

पौड़ी जिले में सोमवार को 10 सैंपल लिए गए, जिनमें से छह को जांच के लिए लैब भेजा गया है। धारा 36 के तहत एक वाद भी स्वीकृत किया गया है।

नैनीताल जिले में 10 दुकानों का निरीक्षण कर छह सैंपल लिए गए और उन्हें जांच के लिए लैब भेजा गया। सर्वे के लिए एक अतिरिक्त सैंपल लिया गया। एक प्रतिष्ठान में साफ-सफाई की स्थिति खराब मिलने पर नोटिस जारी किया गया। वहीं, मानकों के अनुरूप नहीं पाई गई करीब 10 किलो मिठाई नष्ट कराई गई।

टिहरी और उत्तरकाशी में भी जांच तेज

टिहरी जिले में सात व्यापारिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर छह खाद्य नमूने लिए गए। उत्तरकाशी में सोमवार को 15 स्थानों पर निरीक्षण किया गया और चार सैंपल लिए गए। बिना लाइसेंस खाद्य सामग्री की बिक्री के एक मामले में संबंधित दुकानदार को नोटिस जारी किया गया।

एक सप्ताह तक चलेगा विशेष अभियान

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश के बाद प्रदेश सरकार ने त्योहारों के दौरान मिलावटखोरी और जमाखोरी पर प्रभावी रोक लगाने के लिए प्रशासन को सक्रिय कर दिया है। जिलाधिकारियों को एक सप्ताह तक लगातार अभियान चलाने और कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

सरकार का फोकस खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के साथ-साथ मिलावटी और एक्सपायरी सामान की बिक्री, जमाखोरी तथा घरेलू सिलेंडरों के व्यावसायिक इस्तेमाल पर भी है। मंडलायुक्त अभियान की प्रगति की निगरानी करेंगे।