स्थापना दिवस पर देखें सीएम की बड़ी घोषणाएं, मोदी-शाह सहित कई ने दी शुभकामनाएं | Uttarakhand State Foundation day

आज उत्तराखंड राज्य अपना 21 वां राज्य स्थापना दिवस मना रहा है। राज्य स्थापना दिवस के मौके पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सुबह सबसे पहले शहीदों को नमन किया तो वहीं इसके बाद पुलिस लाइन में मौजूद कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कई बड़ी घोषणाएं की।

Salute to the martyrs on the occasion of State Foundation Day

स्थापना दिवस पर शहीदों को नमन

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर कचहरी परिसर देहरादून में शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर शहीद राज्य आंदोलनकारियों को श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री ने कहा की हमारे राज्य आंदोलनकारियों के संघर्ष के परिणामस्वरूप ही उत्तराखंड राज्य बना। राज्य आंदोलनकारियों के सपनों के अनुरूप प्रदेश के विकास के लिए राज्य सरकार अग्रसर है। उन्होंने कहा की उत्तराखंड युवावस्था में है। 2025 तक उत्तराखंड को सभी क्षेत्रों में अग्रणी राज्य बनाने की दिशा में राज्य सरकार द्वारा प्रयास किए जा रहे हैं। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री बंशीधर भगत और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने भी शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित की।

केंद्रीय नेताओं ने दी शुभकामनाएं

21 मई राज्य स्थापना दिवस के मौके पर जहां एक तरफ राज्य अपना उत्तराखंड महोत्सव मना रहा है तो वहीं दूसरी तरफ केंद्रीय नेताओं ने भी उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के मौके पर शुभकामनाएं दी जिसमें राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गृहमंत्री अमित शाह सहित कई नेताओं ने ट्वीट कर अपनी भावनाएं व्यक्त की

स्थापना दिवस पर मुख्यमंत्री ने की यह घोषणाएं

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर पुलिस लाईन देहरादून में की गई घोषणाएं-

  1. उत्तराखण्ड राज्य आंदोलनकारियों, जिनको रू. 3100 पेंशन प्राप्त हो रही है, को बढ़ाकर रू. 4500 तथा जिनको रू. 5000 पेंशन प्राप्त हो रही है, को बढ़ाकर रू. 6000 किया जायेगा।
  2. राज्य के प्रत्येक जनपद मुख्यालय पर अध्ययनरत छात्राओं के शिक्षा को सुगम एवं सुविधायुक्त बनाने हेतु एक-एक महिला छात्रावास का निर्माण किया जायेगा।
  3. राज्य में आवश्यकतानुसार जनपद मुख्यालयों पर कामकाजी महिला छात्रावास का निर्माण किया जायेगा।
  4. ईजा-बोई शगुन योजना के तहत सरकारी अस्पतालों में जच्चा-बच्चा के सुरक्षित स्वास्थ्य हेतु अस्पतालों में 48 घण्टे रुकने वाली प्रसूता महिला को रू. 2000 उपहार धनराशि भेंट की जायेगी
  5. जी रैया चेली-जागी रैया नौनी योजना के तहत 11 से 18 आयु वर्ग की किशोरियों को टी.एच.आर. सुविधा प्रदान की जायेगी। 11 से 18 आयु वर्ग की किशोरियों को सेनेटरी नैपकीन उपलब्ध कराने हेतु प्रत्येक आंगनबाड़ी केन्द्रों में सेनेटरी नैपकीन वेण्डिंग मशीन की स्थापना की जायेगी। 11 से 18 आयु वर्ग की किशोरियों के बेहतर स्वास्थ्य परीक्षण यथाः हीमोग्लोबीन इत्यादि की जाँच निःशुल्क की जायेगी तथा हेल्प लाईन नं० 104 के माध्यम से निःशुल्क चिकित्सीय परामर्श भी उपलब्ध कराया जायेगा।
  6. आरोग्य उत्तराखण्ड क्रोनिक डीजीज (दीर्घकालिक एवं पुरानी बिमारियां) के उपचार में ली जाने वाली दवाइयों को निःशुल्क उपलब्ध कराया जायेगा।
  7. देहरादून एवं हल्द्वानी में नशामुक्ति केंद्र की स्थापना की जायेगी।
  8. राज्य में स्टेट इंस्टीट्यूट ऑफ अर्बन डेवलपमेंट की स्थापना की जायेगी।
  9. कोविड-19 में सराहनीय कार्य के दृष्टिगत एनएचएम के कर्मियों को रू. 10,000 एकमुश्त प्रोत्साहन धनराशि प्रदान की जाएगी।
  10. राज्य के युवाओं को देश से बाहर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाने हेतु राज्य में विदेश रोजगार प्रकोष्ठ का गठन किया जाएगा।
  11. ई-डिस्ट्रिक्ट के माध्यम से संचालित 32 सेवाओं को अद्यतन करते हुए कुल 75 सेवाओं को ’’अपणि सरकार पोर्टल’’ के माध्यम से आम जनमानस को लाभ पहुंचाया जाएगा।
  12. सेवा का अधिकार अधिनियिम में अधिसूचित अवशेष 190 सेवाओं को भी शीघ्र ही ’’अपणि सरकार पोर्टल’’ के माध्यम से संचालित कर आम जनमानस को लाभ पहुंचाया जाएगा।
  13. प्रदेश में खेल को प्रोत्साहित करने तथा युवाओं को खेल की विभिन्न विधाओं से जोड़ने के लिए ’’खेल नीति-2021’’ तुरन्त लागू की जाएगी।
  14. उत्तराखंड में स्वास्थ्य, पर्यटन से राज्य की आर्थिकी को बढ़ाने हेतु राज्य को आयुष वेलनैस का हब बनाया जाएगा। जिसके अन्तर्गंत गढ़वाल मंडल विकास निगम एवं कुमाऊं मंडल विकास निगम के पर्यटक गृहों में आयुष वेलनैस सेन्टर खोले जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *