Dehradun SIR 2026Dehradun SIR 2026

देहरादून में विशेष गहन पुनरीक्षण (Dehradun SIR 2026) कार्यक्रम को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने राजनीतिक दलों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 8 जून से घर-घर जाकर मतदाता सत्यापन अभियान शुरू होगा, जबकि सभी राजनीतिक दलों को 7 जून तक अपने बीएलए-2 नियुक्त करने के लिए कहा गया है।

Dehradun News: आगामी मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान को पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने शुक्रवार को मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम की समीक्षा की। उन्होंने राजनीतिक दलों से अपील की कि वे प्रत्येक मतदान केंद्र पर 7 जून तक अपने बूथ लेवल एजेंट (BLA-2) नियुक्त कर इसकी सूचना जिला निर्वाचन कार्यालय को उपलब्ध कराएं।

8 जून से शुरू होगा घर-घर सत्यापन अभियान

Dehradun SIR 2026
Dehradun SIR 2026

बैठक में बताया गया कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 8 जून से 7 जुलाई 2026 तक बूथ लेवल अधिकारी (BLO) घर-घर जाकर गणना प्रपत्रों का वितरण और संकलन करेंगे। जिन घरों में पहली बार भ्रमण के दौरान ताला बंद मिलेगा, वहां बीएलओ तीन बार दोबारा संपर्क करेंगे ताकि कोई भी पात्र मतदाता छूट न जाए।

इसके साथ ही 1 जुलाई 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले नागरिकों के नए मतदाता पंजीकरण के लिए फार्म-6 भी स्वीकार किए जाएंगे।

1882 मतदान केंद्रों पर तैनात होंगे बीएलए-2

Dehradun DM on SIR 2026
Dehradun DM on SIR 2026

जिला निर्वाचन अधिकारी ने जानकारी दी कि जनपद की 10 विधानसभा क्षेत्रों के कुल 1,882 मतदान केंद्रों पर विभिन्न राजनीतिक दलों द्वारा बीएलए-2 की नियुक्ति की जा रही है। अब तक भारतीय जनता पार्टी ने 1,839, कांग्रेस ने 1,717 तथा सीपीआई (एम) ने 378 बीएलए-2 नियुक्त किए हैं। अन्य राजनीतिक दलों से भी शीघ्र नियुक्ति करने का अनुरोध किया गया है।

सार्वजनिक होगी एएसडी सूची

निर्वाचन विभाग अनुपस्थित (Absent), स्थानांतरित (Shifted), मृत (Dead) और डुप्लीकेट मतदाताओं की पहचान कर एएसडी सूची तैयार करेगा। यह सूची पंचायत भवनों, नगर निकाय कार्यालयों और संबंधित वेबसाइटों पर सार्वजनिक की जाएगी। साथ ही राजनीतिक दलों को भी इसकी प्रति उपलब्ध कराई जाएगी ताकि पारदर्शिता सुनिश्चित की जा सके।

14 जुलाई को जारी होगा पहला ड्राफ्ट

जिला निर्वाचन अधिकारी के अनुसार मतदाता सूची का प्रथम प्रारूप 14 जुलाई 2026 को प्रकाशित किया जाएगा। इसके बाद 14 जुलाई से 13 अगस्त तक दावे और आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। प्राप्त आवेदनों का निस्तारण 11 सितंबर तक किया जाएगा तथा अंतिम मतदाता सूची 15 सितंबर 2026 को प्रकाशित की जाएगी।

उन्होंने बताया कि जिन मतदाताओं का नाम वर्ष 2003 की निर्वाचक नामावली में दर्ज नहीं है, उन्हें निर्वाचन आयोग द्वारा अनुमन्य दस्तावेजों में से किसी एक दस्तावेज की प्रति प्रस्तुत करनी होगी।

Dehradun SIR 26
Dehradun SIR 26

80.38 प्रतिशत मतदाताओं की मैपिंग पूरी

उप जिला निर्वाचन अधिकारी अभिनव शाह ने बताया कि प्री-एसआईआर अभियान के तहत जनपद के कुल 13,76,813 मतदाताओं में से 11,06,652 मतदाताओं की मैपिंग पूरी कर ली गई है। यह कुल मतदाताओं का 80.38 प्रतिशत है। शेष मतदाताओं की मैपिंग का कार्य भी तेजी से जारी है।

ईसीआई-नेट और 1950 हेल्पलाइन से मिलेगी सहायता

जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने बताया कि राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि, बीएलए तथा आम नागरिक निर्वाचन आयोग के ईसीआई-नेट प्लेटफॉर्म के माध्यम से मतदाता संबंधी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। इसके अलावा “बुक ए कॉल विद बीएलओ” सुविधा के जरिए संबंधित बूथ लेवल अधिकारी से सीधे संपर्क किया जा सकता है। किसी भी प्रकार की सहायता के लिए निर्वाचन आयोग के टोल फ्री नंबर 1950 पर भी संपर्क किया जा सकता है।

बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी अभिनव शाह, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी नरेंद्र प्रसाद देवली सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।